ओपनहाइमर फिल्म को ऑस्कर ! अमेरिकी आलोचकों पर थप्पड़ !!

के .विक्रम रावगत सप्ताह इस महान वैज्ञानिक पर बनी फिल्म ओपरहाइमर को सात प्रतिष्ठित ऑस्कर पुरस्कार से हॉलीवुड में नवाजा गया। सात दशकों बाद 16 दिसंबर 2022 को सरकारी तौर पर बाइडेन प्रशासन ने महान भौतिक वैज्ञानिक जूलियस रॉबर्ट ओपनहाईमर को गद्दारी के लांछन से मुक्त किया, निर्दोष पाया तथा देशप्रेमी माना। उन्होंने अमेरिका के लिए परमाणु बम बनाया था। इसे हिरोशिमा और नागासाकी पर फोड़ा गया था। बाद में उन्हें सोवियत (कम्युनिस्ट) रूस का गुप्तचर बताकर हर किस्म के अपमान, अवमानना, अनादर करके अवसादग्रस्त बनाया गया, जब तक (1967) वे मरे नहीं।
 ओपनहाइमर के सत्कर्मो ने ही उनकी मान मर्यादा लौटाई। वे अब दूसरे लोकवासी हो गए। ओपनहाइमर अपने उन शब्दों को याद कर रहे होंगे जो उन्होंने जापान पर बम फोड़ने के वक्त पर कहा था। वे पंक्तिया ओपनहाइमर ने अपने प्रिय संस्कृत कवि भर्तृहरि के शतकत्रयम से लिया था : उज्जैन नरेश भर्तृहरि का विचार था कि “उनके हाथों : युद्ध में, जंगल में, पहाड़ों की चट्टान पर, गहरे समुद्र में, भाले और बाणों के बीच में, नींद में, भ्रम में, शर्म की गहराई में, मनुष्य ने जो अच्छे कर्म किए हैं, वे उसकी रक्षा करते हैं।”
हीरोशिमा और नागासाकी पर बम विस्फोट पर ओपनहाइमर ने याद किया गीता के श्लोक को : “दिवि सूर्यसहस्त्रस्य भवेद्युगपदुत्थिता। यदि भाः सदृशी सा स्याध्दासस्तस्य महात्मन”: ।।12।। (आकाश में हजार सूर्योंकि एक साथ उदय होने से उत्पन्न जो प्रकाश हो, वह भी उस विश्वरूप परमात्मा के प्रकार के सदृश कदाचित ही हो। अर्थात इस विषादग्रस्त भौतिकशास्त्री को ख्याल हो गया था कि उनके हाथों कितना भयंकर, त्रासदपूर्ण कृत्य हुआ है। प्रारूब्ध तो होना ही था। भोगा भी।
ओपनहाइमर प्रारंभ से ही ऐसे अपार नरसंहार वाले शस्त्र के निर्माण का विरोध करते रहें। अंततः हिटलर और टोजों (जापानी प्रधानमंत्री) के विश्व साम्राज्य वाले सपने को नष्ट करने हेतु बम बनाने के लिए तैयार हुए। भगवत गीता के निष्णात ओपनहाइमर ने बम बनाने के बाद और जापान पर उसे फोड़ने के वक्त गीता के ग्यारहवें अध्याय के 32वें श्लोक को सुनाया था कि : “मैं (भगवान कृष्ण) लोकों का नाश करने वाला बढ़ा हुआ काल हूं।” अर्जुन का उनसे प्रश्न था : “आप कौन हैं” ?
शायद ओपनहाइमर पर श्राप था दो ध्वस्त जापानी शहरों की जनता का। त्रासदी की अनुभूति स्वयं उन्हे भी हो रही थी। अतः वे प्रारूब्ध भुगतने हेतु विवश थे। इसीलिए वे जमकर सक्रिय विरोध करते रहे, जब राष्ट्रपति हैरी ट्रूमन ने परमाणु बम बनाने का आदेश दिया था। अमेरिकी राष्ट्रपति को खौफ था कि विश्वयुद्ध जीतकर सोवियत रूस अधिक विनाशकारी बम बनायेगा। विश्वव्यापी वर्चस्व बना लेगा। मगर विनाश की विभीषिका के आतंक से भयभीत ओपनहाइमर ने सरकार से सहयोग नहीं किया। तभी सिनेटर जोसेफ मेक्कार्थी का आविर्भाव हुआ। वे इतिहास में जाने जाते हैं कम्युनिस्टों के उग्रतम विरोधी और सोवियत रूस के घोरतम शत्रु के रूप में। उन्होंने ओपनहाइमर को सोवियत कम्युनिस्टों का यार करार दिया। तभी से इस भयातुर वैज्ञानिक की दुखगाथा शुरू हुई। विश्व युद्ध समाप्त होने के बाद, ओपेनहाइमर नवनिर्मित संयुक्त राज्य अमेरिका परमाणु ऊर्जा आयोग की प्रभावशाली जनरल एडवाइजरी कमेटी के अध्यक्ष बने। उन्होंने परमाणु प्रसार को बाधित करने और सोवियत संघ के साथ परमाणु हथियारों की दौड़ को रोकने के लिए परमाणु ऊर्जा के अंतर्राष्ट्रीय नियंत्रण के लिए अपने पद का उपयोग किया। उनके स्पष्ट विचारों के लिए कई नेताओं की आलोचना के बाद, ओपनहाइमर की 1954 में एक फरेबी सुनवाई में शासकीय सुरक्षा गारंटी रद्द कर दी गयी। आरोपी बनाया। प्रभावी रूप से उनकी प्रत्यक्ष राजनीतिक शक्ति को क्षीण कर दिया गया। तब भी उन्होंने भौतिकी में व्याख्यान, लेखन और काम करना जारी ही रखा। नौ साल बाद, राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने उन्हें सम्मानित किया। उपराष्ट्रपति लिंडन बी जॉनसन ने उन्हें राजनीतिक पुनर्वास के संकेत के रूप में एनरिको फर्मी पुरस्कार के साथ नवाजा।
 ओपनहाइमर सदैव हाइड्रोजन बम के निर्माण के खिलाफ थे। उन्हें वर्षों तक सरकार द्वारा यातना पहुंचाने के बाद, समूचे अमरीकी राष्ट्र ने उनके साथ सिनेटर मैकार्थी द्वारा किए अत्याचार का विरोध किया गया। कई अमरीकी इतिहासवेत्ता इस वैज्ञानिक के लिए न्याय की गुहार करते रहें। जब उनके रूसी जासूस होने का कोई प्रमाण नहीं मिला, तो उन्हें दोषमुक्त किया गया। मगर तब तक ओपनहाइमर का निधन हो चुका था। इतिहास ने उन्हें अब सत्पुरुष का दर्जा तो दे दिया है। ओपनहाइमर का दृष्टांत केरल के अंतरिक्ष वैज्ञानिक नंबी नारायण को पाकिस्तानी जासूस बताकर उत्पीड़ित करने के समान था। उच्चतम न्यायालय ने नारायण को निर्दोष करार दिया। मगर तब तक तीन दशक बीत चुके थे। ओपेनहाइमर से उनकी सहानुभूति थी। हर शांतिप्रिय भारतीय को हॉलीवुड का समाचार बड़ा सुखद लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Name *